DURG NEWS. छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में तेजी से पैसा कमाने का सपना दिखाकर लोगों को ठगने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। फर्जी निवेश कंपनियों के जरिए रकम दोगुनी करने का लालच देकर लाखों रुपये ऐंठने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जिससे ठगी के पूरे नेटवर्क के खुलासे की उम्मीद जताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, इस मामले में दुर्ग के संत्रा बाड़ी निवासी जयदीप सिंह कंडा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसे फर्जी कंपनियों के जरिए निवेश के नाम पर झांसे में लिया गया।

आरोपी धर्मेन्द्र कुमार बंजारे और उसके साथियों ने खुद को A-M-S Solution और M/s R-V Group Company से जुड़ा बताकर महज तीन महीने में रकम दोगुनी करने का लालच दिया। शिकायत के आधार पर प्रार्थी से अलग-अलग किस्तों में कुल 38 लाख 25 हजार रुपये निवेश के नाम पर लिए गए। शुरुआत में भरोसा जीतने के लिए आरोपी ने सुनियोजित तरीके से योजना समझाई।

इसके बाद जल्द मुनाफे का भरोसा दिलाया, लेकिन समय बीतने के बाद न तो रकम वापस की गई और न ही कोई लाभ दिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वैशाली नगर थाना पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने रायपुर के सड्डू इलाके से आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने ठगी की पूरी साजिश कबूल कर ली।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी लोगों को कम समय में अधिक मुनाफा देने का झांसा देकर निवेश करवाता था और बाद में रकम हड़प लेता था। पुलिस ने आरोपी को 31 मार्च 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। उसके कब्जे से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं, जिनकी जांच जारी है।

पुलिस की अपील-सतर्क रहें
पुलिस अब इस ठगी के नेटवर्क को पूरी तरह उजागर करने में जुटी है और आरोपी के अन्य साथियों की तलाश जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस गिरोह से जुड़े बाकी लोगों को भी गिरफ्तार किया जाएगा, वहीं आम लोगों से ऐसे लालच भरे निवेश प्रस्तावों से सतर्क रहने की अपील की गई है।





































