JANJGIR CHMPA NEWS. जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र के ग्राम खपरी में बीती रात अज्ञात हमलावरों ने एक बुजुर्ग दंपती की गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी घर से करीब 70-80 हजार रुपये के जेवरात और महिला के गले से सोने का हार लेकर फरार हो गए। घटनास्थल पर पुलिस को होली का मुखौटा और नकली बाल बरामद हुए हैं, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक संतराम साहू (62) और उनकी पत्नी श्याम बाई साहू (62) घर में अकेले रहते थे। संतराम खेती-किसानी के साथ पान की दुकान भी चलाते थे। वारदात की रात आरोपी घर के पास लगे पेड़ के सहारे दीवार फांदकर अंदर घुसे। हमलावरों ने सोते समय दंपती पर धारदार हथियार से हमला किया और गला रेतकर उन्हें मौत के घाट उतार दिया।

सुबह बेटे ने देखा खून से लथपथ शव
घटना का खुलासा तब हुआ जब बड़ा बेटा हरिशंकर साहू सुबह पिता के घर पहुँचा। घर का दरवाजा खुला देखकर वह जैसे ही अंदर गया, उसके होश उड़ गए। पिता का शव जमीन पर और माँ का शव खाट पर खून से लथपथ पड़ा था। शोर मचाने पर ग्रामीण जमा हुए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

पहचान छिपाने के लिए किया मुखौटे का इस्तेमाल
पुलिस को मौके से खूनी पैरों के निशान मिले हैं जो सड़क तक जा रहे हैं। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपियों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए होली के मुखौटे और नकली बालों का सहारा लिया था, जिन्हें वे मौके पर ही छोड़ गए। बताया जा रहा है कि दंपती ने हाल ही में (28 मार्च को) अपने बड़े पोते की शादी करवाई थी, जिसके कारण घर में नकदी और जेवरात होने की जानकारी आरोपियों को पहले से होने की आशंका है।

जांच में जुटी डॉग स्क्वॉड और FSL की टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी विजय कुमार पांडेय ने स्वयं घटनास्थल का मुआयना किया। मौके पर बिलासपुर से फोरेंसिक (FSL) एक्सपर्ट्स और डॉग स्क्वॉड की टीम बुलाई गई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और संदेहियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।





































