DHEMAJI NEWS. लोकसभा चुनावों के मद्देनजर देश में सियासी पारा चरम पर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने बुधवार को अलग-अलग रैलियों के जरिए एक-दूसरे पर जमकर प्रहार किए। प्रधानमंत्री ने जहां कांग्रेस पर तीखा हमला बोला, वहीं ममता बनर्जी ने भाजपा पर तीखे आरोप लगाए।

असम के धेमाजी (गोगामुख) में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने दावा किया कि इस बार असम में भाजपा-एनडीए की जीत की हैट्रिक लगना तय है। राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए पीएम ने कहा, “कांग्रेस के सो-कॉल्ड (कथित) राजकुमार की पराजय की सेंचुरी आने वाली है।” उन्होंने केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि जनता का भरोसा विकास के साथ है।


जब बंगाल आजादी की लड़ाई लड़ रहा था, तब भाजपा का जन्म भी नहीं हुआ था: ममता
उधर, पश्चिम बंगाल के बीरभूम में हुंकार भरते हुए सीएम ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार और भाजपा पर कड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा, “जब बंगाल आजादी की लड़ाई में हिस्सा ले रहा था, तब भाजपा का जन्म भी नहीं हुआ था। ये लोग हमारा पैसा लूट रहे हैं और झूठ बोल रहे हैं।” उन्होंने भाजपा पर सांप्रदायिक राजनीति का आरोप लगाते हुए कहा कि वे रामनवमी पर हथियार लेकर निकलते हैं।

असम में चल रहा है माफिया और सिंडिकेट राज: प्रियंका गांधी
असम के डिब्रूगढ़ पहुंची कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने राज्य सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि असम में ‘डबल गुलामी’ वाली भ्रष्ट सरकार चल रही है। प्रियंका ने आरोप लगाया कि यहां सब कुछ धमकियों के जरिए किया जा रहा है और राज्य में माफिया व सिंडिकेट राज हावी है।





































