NEW DELHI NEWS. WhatsApp ने 13 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए नया ‘Parent Managed Account’ फीचर शुरू किया है। इस व्यवस्था के तहत छोटे बच्चे अब अपने अभिभावकों की निगरानी में ऐप का इस्तेमाल कर सकेंगे। कंपनी का कहना है कि इस फीचर से बच्चों की डिजिटल सुरक्षा को मजबूत करने के साथ-साथ माता-पिता को बेहतर नियंत्रण मिलेगा। Meta Platforms के स्वामित्व वाले व्हाट्सएप के लिए यह कदम नीति में अहम बदलाव माना जा रहा है।

अब तक प्लेटफॉर्म पर अकाउंट बनाने के लिए न्यूनतम आयु सीमा 13 वर्ष तय थी, जबकि कुछ क्षेत्रों में यह सीमा इससे अधिक भी थी। अब नए फीचर के जरिए 13 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए भी अकाउंट बनाया जा सकेगा, लेकिन उसका पूरा नियंत्रण अभिभावकों के पास रहेगा। नई व्यवस्था में माता-पिता या अभिभावक बच्चों के लिए अकाउंट बनाकर उसके इस्तेमाल को नियंत्रित कर सकेंगे।

बच्चों के कॉन्टैक्ट्स पर पैरेंट्स का नियंत्रण रहेगा। उपयोग को केवल मैसेज भेजने और कॉल करने तक सीमित किया जा सकेगा। गोपनीयता से जुड़ी सेटिंग्स केवल अभिभावक ही देख या बदल सकेंगे। हालांकि कंपनी ने स्पष्ट किया है कि सभी मैसेज पहले की तरह ‘एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन’ से सुरक्षित रहेंगे, यानी बातचीत का कंटेंट किसी तीसरे पक्ष को दिखाई नहीं देगा।
अकाउंट की प्राइवेसी और अन्य सेटिंग्स को अभिभावक एक ‘पिन’ के जरिए सुरक्षित कर सकेंगे। इससे बच्चे सेटिंग्स में बदलाव नहीं कर पाएंगे। इस तरह अकाउंट भले ही बच्चे के नाम से बनेगा, लेकिन उसका पूरा कंट्रोल माता-पिता के पास रहेगा और बच्चे केवल सीमित उपयोग ही कर सकेंगे। इस फीचर का उद्देश्य बच्चों को सुरक्षित डिजिटल वातावरण में मैसेजिंग और कॉलिंग की सुविधा देना है, जबकि उनकी गतिविधियों पर अभिभावकों की निगरानी बनी रहे।

ऐसे कैसे शुरू होगा Parent Managed Account
- बच्चे के फोन में WhatsApp डाउनलोड करें
- साइन-अप करते समय Create a Parent Managed Account विकल्प चुनें
- इसे माता-पिता के अकाउंट से लिंक करें
- इसके बाद पैरेंट्स कॉन्टैक्ट, कॉलिंग और अन्य सेटिंग्स नियंत्रित कर सकेंगे

































