TEHRAN NEWS. अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच जारी भीषण जंग के 14वें दिन पश्चिमी इराक से बड़ी खबर सामने आई है। गुरुवार को अमेरिकी एयरफोर्स का ‘KC-135 स्ट्रैटोटैंकर’ रिफ्यूलिंग विमान एक ऑपरेशन के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में विमान में सवार 6 क्रू मेंबर्स में से 4 की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 अन्य अभी भी लापता हैं।


सेंटकॉम (CENTCOM) ने की पुष्टि
अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के अनुसार, विमान एक महत्वपूर्ण सैन्य मिशन पर था। हादसे के समय आसमान में एक दूसरा अमेरिकी टैंकर विमान भी मौजूद था, जो सुरक्षित लैंड करने में सफल रहा। अमेरिकी सेना ने शुरुआती जांच के बाद स्पष्ट किया है कि यह दुर्घटना किसी दुश्मन के हमले या ‘फ्रेंडली फायर’ का परिणाम नहीं है, बल्कि एक तकनीकी हादसा है। फिलहाल लापता सैनिकों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है।

जंग में अब तक 11 अमेरिकी सैनिकों ने गंवाई जान
इस ताजा हादसे के बाद ईरान के साथ जारी संघर्ष में मारे गए अमेरिकी सैनिकों की कुल संख्या बढ़कर 11 हो गई है। इससे पहले 1 मार्च को कुवैत के शुआइबा पोर्ट पर हुए हमले में 6 अमेरिकी सैनिक मारे गए थे। वहीं, सऊदी अरब में हुए एक अन्य हमले में घायल एक सैनिक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था।





































