RAIPUR NEWS. राजधानी के गुढ़ियारी इलाके में सोमवार को सड़क चौड़ीकरण की कार्रवाई के दौरान जमकर हंगामा हो गया। पीडब्ल्यूडी और नगर निगम की संयुक्त टीम जब अतिक्रमण हटाने पहुंची, तो स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने सीमांकन से अधिक तोड़फोड़ का आरोप लगाते हुए विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते मामला गरमा गया और सैकड़ों वार्डवासी सड़क पर उतर आए।

बताया जा रहा है कि पहाड़ी चौक से शुक्रवारी बाजार होते हुए एक्सप्रेसवे तक तथा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म 6-7 से तेलघानी नाका तक सड़क चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है। इसी क्रम में सोमवार को निगम का अमला गुढ़ियारी में कार्रवाई करने पहुंचा और करीब 14 दुकानों को तोड़ना शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रशासन ने पहले सीमांकन के आधार पर ही निर्माण हटाने और उचित मुआवजा देने का आश्वासन दिया था, लेकिन मौके पर तय सीमा से अधिक हिस्से को भी तोड़ दिया गया, जिससे लोगों में आक्रोश फैल गया।

धरने पर बैठे लोग, पार्टी कार्यकर्ताओं की एंट्री
विरोध बढ़ने पर जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। पार्टी की रायपुर महिला उपाध्यक्ष ऋचा वर्मा वार्डवासियों के साथ सड़क पर धरने पर बैठ गईं। कार्यकर्ताओं ने कार्रवाई को “मनमानी” बताते हुए प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

पुलिस ने हटाया, हिरासत में लिए गए प्रदर्शनकारी
स्थिति बिगड़ते देख पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया। धरने पर बैठे प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। इस दौरान ऋचा वर्मा समेत कई कार्यकर्ताओं को बलपूर्वक हटाकर हिरासत में लिया गया और बाद में उन्हें सेंट्रल जेल ले जाया गया।

300 से ज्यादा मकान-दुकानें रडार पर
जानकारी के मुताबिक, इस पूरे प्रोजेक्ट के तहत वार्ड में 300 से अधिक मकानों और दुकानों को हटाया जाना है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रशासन विरोध से बचने के लिए रोजाना 10-15 दुकानों पर ही कार्रवाई करता है, लेकिन सोमवार को सीमांकन से ज्यादा तोड़फोड़ ने लोगों का गुस्सा भड़का दिया।

सरकार पर साधा निशाना
ऋचा वर्मा ने इस कार्रवाई की कड़ी निंदा करते हुए राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार गरीबों के घरों पर बुलडोजर चला रही है। कभी करोड़ों की लागत से बने ढांचों को तोड़ा जाता है, तो कभी आम लोगों के आशियाने उजाड़े जाते हैं। फिलहाल इलाके में तनाव का माहौल है, वहीं प्रशासन की ओर से कार्रवाई जारी रखने के संकेत दिए गए हैं।


































