NEW DELHI NEWS. संसद के बजट सत्र के दौरान आज यानी 12 मार्च को लोकसभा में एलपीजी सिलेंडर की कथित कमी के मुद्दे पर विपक्षी सांसदों ने जोरदार हंगामा किया। सुबह 11 बजे जैसे ही सदन की कार्यवाही शुरू हुई, विपक्षी सदस्य नारेबाजी करने लगे। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सांसदों से शांत होकर कार्यवाही चलाने का आग्रह किया, लेकिन हंगामा जारी रहने पर उन्होंने बैठक दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी। इससे एक दिन पहले विपक्ष की ओर से लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के खिलाफ लाया गया अविश्वास प्रस्ताव सदन में खारिज हो गया था।

इसके बाद गुरुवार को वे दोबारा सदन की अध्यक्षता करने के लिए कुर्सी पर लौटे। उधर संसद परिसर में भी विपक्षी दलों के सांसदों ने एलपीजी सिलेंडर की कथित कमी को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस सांसद राहुल गांधी समेत अन्य नेताओं ने नरेंद्र भी गायब, सिलेंडर भी गायब जैसे नारे लगाए। प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री जनता से कह रहे हैं कि घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन हालात को देखकर लगता है कि वे खुद परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार महत्वपूर्ण मुद्दों पर जवाब देने से बच रही है।

कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा कि एलपीजी सिलेंडर की कथित कमी के मुद्दे पर संसद में चर्चा होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कई जगहों पर सिलेंडर लेने के लिए लंबी कतारें लग रही हैं और कीमतों में भी बढ़ोतरी हुई है। उनके मुताबिक संसद ऐसा मंच है जहां इन मुद्दों पर खुलकर चर्चा होनी चाहिए और सरकार को जनता के सामने स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।

राज्यसभा में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला की सुरक्षा का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में फारूक अब्दुल्ला पर हमला हुआ है और उनकी सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। खड़गे ने सरकार से इस मामले में जवाब देने और राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।

एक दिन पहले सदन की शुरुआत होते ही विपक्षी सदस्यों ने LPG सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी और कई सदस्य वेल में पहुंच गए। विपक्ष का विरोध जारी रहने के कारण अध्यक्ष की कुर्सी पर बैठे दिलीप सैकिया ने लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी थी।



































