BALOD NEWS. छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने जश्न के माहौल को शोक में बदल दिया। नामकरण संस्कार से लौट रहे ग्रामीणों से भरी पिकअप अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। यह घटना मंगचुआ थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम पद्देटोला के ग्रामीण खलबत्तर गांव में नामकरण कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे। भंवरमरा नेताम टोला के मोड़ पर अचानक पिकअप चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया, जिससे वाहन सड़क किनारे पलट गया। इस हादसे में मान बाई (68) और नंदिनी (40) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, 12 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनमें महिला-पुरुष और बच्चे शामिल हैं। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकाला गया। सभी घायलों को लोहारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, गंभीर रूप से घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया जा सकता है।

मंगचुआ थाना प्रभारी प्रदीप कंवर के मुताबिक, शुरुआती जांच में मोड़ पर तेज रफ्तार के कारण वाहन अनियंत्रित होने की बात सामने आई है। दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है, जिसके बाद परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

इसलिए बढ़ रहे हादसे
- संकरी और घुमावदार ग्रामीण सड़कें
- ओवरलोडिंग (क्षमता से ज्यादा सवारी)
- ट्रैफिक नियमों की अनदेखी
- ड्राइवर की थकान और लापरवाही
- आपातकालीन मेडिकल सुविधाओं की दूरी



































