RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ और राजधानी रायपुर के क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के शेड्यूल में बदलाव करते हुए रायपुर को दो अहम मुकाबलों की मेजबानी सौंपी है। इससे प्रदेश में क्रिकेट का रोमांच चरम पर पहुंचने वाला है। 10 और 13 मई को रोमांचक मुकाबले होंगे। नवा रायपुर स्थित शहीद वीरनारायण सिंह स्टेडियम में दोनों मुकाबले खेले जाएंगे।

10 मई को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर vs मुंबई इंडियंस और 13 मई को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर vs कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच मैच होगा। दोनों ही मैच शाम 7:30 बजे से शुरू होंगे। यह मुकाबले खास इसलिए भी हैं क्योंकि इनमें कई दिग्गज खिलाड़ियों का जलवा देखने को मिलेगा। रायपुर का यह अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम लगभग 65 हजार दर्शकों की क्षमता और बेहतरीन आउटफील्ड के लिए जाना जाता है। यही वजह है कि बोर्ड ने इसे प्राथमिकता दी।

जानकारी के मुताबिक, बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में तकनीकी और सुरक्षा संबंधी जांच चल रही है। इसी कारण रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने अपने दो घरेलू मुकाबले रायपुर शिफ्ट करने का निर्णय लिया है। छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ के अनुसार, शेड्यूल जारी होने के बाद RCB की मैनेजमेंट टीम फिर से रायपुर का दौरा करेगी और तैयारियों की समीक्षा करेगी। इस बार दर्शकों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।

बेंगलुरु में चिन्नास्वामी स्टेडियम भगदड़ जैसी घटना से सबक लेते हुए इस बार सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। भारी भीड़ को देखते हुए एंट्री, पार्किंग और निकासी की व्यवस्था को विशेष रूप से मजबूत किया जा रहा है। रायपुर में IPL के ये दो मुकाबले न सिर्फ खेल प्रेमियों के लिए उत्सव जैसे होंगे, बल्कि राज्य के लिए बड़ी खेल उपलब्धि भी साबित होंगे।

शहर एक बार फिर राष्ट्रीय क्रिकेट मानचित्र पर मजबूती से उभरने जा रहा है। स्टार खिलाड़ी विराट कोहली की लोकप्रियता को देखते हुए उनकी सुरक्षा व्यवस्था को भी हाई-लेवल पर रखा जाएगा। उम्मीद है कि इन मुकाबलों में रिकॉर्ड संख्या में दर्शक स्टेडियम पहुंच सकते हैं।




































