MAHASAMUND NEWS. छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में स्थित खल्लारी मंदिर में रविवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। नवरात्र के कारण मंदिर में भारी भीड़ थी। मंदिर परिसर में संचालित रोप-वे का केबल अचानक टूट गया, जिससे ट्रॉली में सवार श्रद्धालुओं की जान खतरे में पड़ गई। बताया जा रहा है कि केबल टूटते ही ट्रॉली झटके के साथ नीचे आ गई। इसी दौरान ट्रॉली में कई श्रद्धालु सवार थे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

चैत्र नवरात्र के चलते मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी हुई थी। इसी बीच हुए इस हादसे ने कुछ देर के लिए पूरे परिसर में दहशत का माहौल बना दिया। हालांकि, मंदिर प्रबंधन और पुलिस ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर स्थिति को नियंत्रण में लिया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस हादसे में 5 से 6 श्रद्धालु घायल हुए हैं। इनमें कुछ को गंभीर तो कुछ को मामूली चोटें आई हैं। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल महासमुंद भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।

सुरक्षा में लापरवाही के आरोप, जांच के आदेश
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने रोप-वे की नियमित जांच और सुरक्षा मानकों के पालन में लापरवाही का आरोप लगाया है। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश देते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

































