RAIGHAR NEWS. छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही ने एक घर का चिराग बुझा दिया। घरघोड़ा थाना क्षेत्र के कुडुमकेला मार्ग पर सोमवार दोपहर करीब 1 बजे एक हाईवा और ट्रक के बीच आमने-सामने की भीषण भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई, जिसमें एक ड्राइवर की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई।

घटना कुरकुट नाला पुल की है। डीएसपी सुशांतो बनर्जी के अनुसार, यह पुल काफी संकरा है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों वाहनों के चालकों ने यह अनुमान लगाया कि वे दूसरे से पहले गाड़ी निकाल लेंगे। इसी पहले मैं की होड़ और अनियंत्रित रफ्तार के कारण दोनों वाहन पुल के बीचों-बीच टकरा गए।

केबिन बना मौत का पिंजरा
टक्कर के कुछ ही मिनटों के भीतर दोनों गाड़ियों के केबिन में आग लग गई। ट्रक ड्राइवर, जिसकी पहचान कमल प्रसाद (विपुल कंपनी के कर्मचारी) के रूप में हुई है, केबिन के भीतर ही फंस गया और उसे बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि स्थानीय लोग भी उसे बचाने में असमर्थ रहे। दूसरे हाईवा ड्राइवर की स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है, हालांकि पुलिस को उसके बच निकलने की संभावना है।

3 घंटे की मशक्कत के बाद बुझी आग
हादसे के बाद रायगढ़-घरघोड़ा मार्ग पूरी तरह ठप हो गया और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलते ही घरघोड़ा पुलिस और दमकल की 3 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब 3 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, जिसके बाद ड्राइवर के जले हुए शव को बाहर निकाला गया।

ब्लैक स्पॉट बना हुआ है यह क्षेत्र
स्थानीय लोगों में प्रशासन के प्रति गहरा रोष है। ग्रामीणों का कहना है कि यह क्षेत्र पहले से ही ब्लैक स्पॉट के रूप में चिन्हित है और यहाँ पहले भी कई बड़े हादसे हो चुके हैं। बावजूद इसके, संकरे पुल और सुरक्षा मानकों को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं।





































