BHILAI NEWS. माइलस्टोन जूनियर विंग में शनिवार को नाइट कैंप का आयोजन किया गया, जो बच्चों के लिए मस्ती और ज्ञान का एक अद्भुत संगम रहा। यह आयोजन विद्यालय की स्थापना के 30 सफल वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में डायरेक्टर डॉ. ममता शुक्ला द्वारा बेहद यादगार ढंग से मनाया गया। इस कैंप में 2- 5 साल तक के नन्हें-मुन्नों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत में बच्चों को ‘ट्रैफिक गार्डन’ ले जाया गया, जहाँ उन्होंने रोड सिग्नल और नेटवर्क के माध्यम से सड़क सुरक्षा के नियमों को बारीकी से समझा। विद्यालय पहुँचने पर डायरेक्टर मैम ने ‘पेप्पा पिग फैमिली’ के साथ बच्चों का भव्य स्वागत किया, जिसे देख बच्चों के चेहरे खिल उठे।


खुले आसमान में तारों की सैर
जैसे-जैसे शाम ढली, बच्चों के लिए रोमांच और बढ़ गया। टेलीस्कोप (दूरबीन) की मदद से बच्चों ने असली चाँद और टिमटिमाते तारों को करीब से देखा। विद्यालय में विशेष रूप से बनाए गए ‘डोम प्लैनेटेरियम’ और ‘गैलेक्सी रूम’ ने बच्चों को ब्रह्मांड की एक काल्पनिक सैर कराई। इसके अलावा, शैडो गेम और पपेट शो के माध्यम से बच्चों ने कलात्मक आकृतियाँ बनाना सीखा।

बिना मोबाइल के भोजन और परियों की कहानियाँ
कैंप का एक मुख्य आकर्षण बायोस्कोप शो रहा, जिसने पुराने दौर की यादें ताजा कर दीं। डिनर टाइम के दौरान एक सकारात्मक बदलाव देखने को मिला—जो बच्चे घर में बिना मोबाइल या कहानी के खाना नहीं खाते, उन्होंने यहाँ पूरे अनुशासन के साथ अपने हाथों से भोजन किया।


सुरक्षा का पूरा ध्यान
पूरे कार्यक्रम के दौरान प्रिंसिपल हेमा गुप्ता बच्चों के साथ मौजूद रहीं, जिससे उन्हें एक सुरक्षित और पारिवारिक माहौल मिला। रात में नाइट ड्रेस बदलकर बच्चों ने खुले आसमान के नीचे परियों की कहानियाँ सुनीं और देखते ही देखते निंदिया रानी की गोद में सो गए। सुरक्षा और मनोरंजन के बीच यह ‘नाइट कैंप’ बच्चों और अभिभावकों के लिए एक सुखद अनुभव बनकर संपन्न हुआ।




































