JANJGIR NEWS. जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र में सोमवार को एक मामूली विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया। विकास नगर निवासी शैलेंद्र साहू अपने कुछ साथियों के साथ हिमांशु किराना स्टोर के पास पहुंचे और वहां कथित तौर पर गाली-गलौज करने लगे। दुकान संचालक हिमांशु श्रीवास ने जब इसका विरोध किया, तो दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई।

देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। इसी दौरान हिमांशु श्रीवास के भाई और रिटायर्ड फौजी गुलशन श्रीवास ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग कर दी। गोली पंकज कश्यप के पैर में जांघ के पास लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग दहशत में आ गए।


घायल पंकज कश्यप को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पामगढ़ ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर होने पर उसे बिलासपुर रेफर कर दिया गया। फिलहाल उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पामगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने मुख्य आरोपी गुलशन श्रीवास, जो रिटायर्ड आर्मी सिग्नल कोर का हवलदार बताया जा रहा है, को उसके भाई के साथ हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने मामले में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।



































