KORBA NEWS. छत्तीसगढ़ के कोरबा स्थित जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल कोरबा के परिसर में सोमवार को अचानक भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया, जिससे परिसर में लंबे समय से खड़ी आधा दर्जन से अधिक कंडम एंबुलेंस और अन्य वाहन जलकर पूरी तरह खाक हो गए।

आग लगने की सूचना मिलते ही अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मरीजों के परिजन, अस्पताल कर्मचारी और आसपास के लोग मौके पर बड़ी संख्या में जुट गए। आग की तेज लपटें और उठता काला धुआं दूर से ही दिखाई दे रहा था, जिससे कुछ समय के लिए इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल परिसर में लंबे समय से पुरानी एंबुलेंस और अन्य कबाड़ वाहन पड़े हुए थे। इन्हें हटाने की मांग कई बार की जा चुकी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। लोगों का आरोप है कि यदि समय रहते इन कंडम वाहनों को हटा दिया जाता तो आग की यह घटना इतनी बड़ी नहीं बनती।

अस्पताल के डीन डॉ. केके सहारे ने बताया कि परिसर में खड़े कंडम वाहनों में आग लगने की घटना सामने आई है। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। उन्होंने कहा कि फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, हालांकि कई वाहन पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए हैं। प्रशासन अब आग लगने की असली वजह का पता लगाने में जुटा हुआ है।




































