GUWAHATI NEWS. केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने शनिवार को असम के गुवाहाटी में एक विशाल रोड शो कर शक्ति प्रदर्शन किया। इससे पूर्व, पश्चिम बंगाल के कोलकाता में उन्होंने ममता सरकार के खिलाफ एक ‘आरोप पत्र’ (चार्जशीट) जारी करते हुए तृणमूल कांग्रेस पर तीखे प्रहार किए।

शाह ने ममता सरकार के खिलाफ जो चार्जशीट जारी की, उसे उन्होंने जनता की चार्जशीट करार दिया। उन्होंने कहा, “इस दस्तावेज में टीएमसी सरकार के 15 साल के काले कारनामों का पूरा ब्यौरा है। आज बंगाल में केवल अराजकता और बदहाली का बोलबाला है। राज्य की अर्थव्यवस्था पूरी तरह चौपट हो चुकी है।”

विक्टिम कार्ड की राजनीति पर तंज
ममता बनर्जी पर सीधा हमला बोलते हुए गृहमंत्री ने कहा कि ममता दीदी हमेशा चुनाव के वक्त ‘विक्टिम कार्ड’ खेलने की राजनीति करती हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “चुनाव आते ही कभी उनके पैर में चोट लग जाती है, कभी सिर पर पट्टी बंध जाती है, तो कभी वे बीमार हो जाती हैं। जब कुछ नहीं सूझता, तो वे चुनाव आयोग को निशाना बनाने लगती हैं।” शाह ने आगे कहा कि बंगाल की जनता अब उनकी इस ‘विक्टिम कार्ड पॉलिटिक्स’ को गहराई से समझ चुकी है।

पुराने वाकयों का किया जिक्र
राजनीतिक गलियारों में भी इन बयानों को लेकर चर्चा तेज है, जहाँ मार्च 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले ममता बनर्जी के सिर में लगी चोट और 2021 के विधानसभा चुनाव के दौरान उनके पैर में लगी चोट का जिक्र किया जा रहा है। पलटवार करते हुए टीएमसी ने भी भाजपा के खिलाफ अपना आरोप पत्र जारी किया है।

वहीं, दक्षिण भारत की राजनीति में भी हलचल तेज है, जहाँ डीएमके (DMK) ने आगामी चुनावों के लिए अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है।





































