KAWARDHA NEWS. छत्तीसगढ़ के कबीरधाम (कवर्धा) जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने अपनी लिव-इन पार्टनर की बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या की साजिश कथित तौर पर टीवी शो ‘सावधान इंडिया’ देखकर रची गई थी। इस सनसनीखेज वारदात में आरोपी के पिता और उसके दोस्त की भी संलिप्तता पाई गई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, मृतिका सुखबती बैगा (24) मुंगेली जिले के खुड़िया क्षेत्र की रहने वाली थी। वह अपने पति और दो बच्चों को छोड़कर गांव के ही देवेंद्र जायसवाल (26) के साथ पुणे चली गई थी। दोनों पिछले तीन से चार महीनों से वहां लिव-इन रिलेशनशिप में रहकर मजदूरी कर रहे थे।

बताया जा रहा है कि सुखबती लगातार देवेंद्र पर शादी करने का दबाव बना रही थी, जबकि देवेंद्र और उसका पिता केशव प्रसाद इस रिश्ते के खिलाफ थे। सामाजिक बदनामी के डर से उन्होंने सुखबती को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली।

वॉटरफॉल घुमाने के बहाने ले जाकर की हत्या
योजना के तहत देवेंद्र, सुखबती को पुणे से वापस गांव लेकर आया। 18 मार्च को वह उसे रानी दहरा वॉटरफॉल घुमाने के बहाने ले गया, जहां उसका पिता और दोस्त पहले से मौजूद थे।
मौका मिलते ही तीनों ने मिलकर सुखबती के सिर पर पत्थर से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद साक्ष्य मिटाने के इरादे से शव को वॉटरफॉल के पास बह रही नदी में फेंक दिया गया।

शव मिलने के बाद खुला राज
19 मार्च को ग्रामीणों ने नदी में तैरता हुआ शव देखा और पुलिस को सूचना दी। शव की स्थिति खराब होने के कारण पहचान करना मुश्किल था, लेकिन पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय पूछताछ के आधार पर मृतिका की पहचान की। संदेह के आधार पर पुलिस ने 24 मार्च को देवेंद्र को पुणे से हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ में उसने अपना अपराध कबूल कर लिया और अपने पिता व दोस्त की भूमिका का खुलासा किया।

इन धाराओं में मामला दर्ज
बोड़ला थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 238(क) और 61(2) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को घटनास्थल पर ले जाकर क्राइम सीन का पुनर्निर्माण (रीक्रिएशन) कराया, जिसके बाद उन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।




































