RAIPUR NEWS. रायपुर में जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी और छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना की रायपुर जिला स्तरीय संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में रायपुर शहर के साथ-साथ रायपुर नगर निगम और बिरगांव नगर निगम क्षेत्र के पदाधिकारी एवं सेनानी शामिल हुए। बैठक की अध्यक्षता कर रहे जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष और प्रवक्ता चंद्रकांत यदु ने पदाधिकारियों से कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए हर छत्तीसगढ़िया तक सीधा संपर्क बनाया जाए। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने और सदस्यता अभियान को तेज करने का आह्वान किया।

इसके साथ ही संगठन विस्तार, आगामी बिरगांव नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियों और सामाजिक मुद्दों पर आंदोलन की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में राजधानी की जीवनरेखा मानी जाने वाली खारून नदी की खराब स्थिति को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की गई। संगठन के नेताओं ने कहा कि करीब दस लाख राजधानीवासियों की प्यास बुझाने वाली इस नदी की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है, लेकिन सरकार इस ओर पर्याप्त ध्यान नहीं दे रही है।

इसी के विरोध में संगठन जल्द ही खारून दाई पदयात्रा के दूसरे चरण की शुरुआत करेगा। जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी की रायपुर उपाध्यक्ष ऋचा वर्मा ने बताया कि शहर से लगे लगभग आधा दर्जन तटीय गांवों में खारून नदी पूरी तरह जलकुंभी से भर गई है। इसके कारण ग्रामीणों को निस्तारी में परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि छोटे मछली पालकों और महादेव घाट क्षेत्र में नौका विहार करने वाले नाविकों के सामने भी आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।

एसटीपी प्लांट नहीं लगे, गंदा पानी सीधे नदी में
छत्तीसगढ़िया युवा क्रान्ति सेना के जिला संयोजक राहुल वर्मा ने बताया कि खारून नदी को प्रदूषण से बचाने के लिए कुल आठ एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) लगाए जाने थे, लेकिन अभी तक सभी स्थापित नहीं हो पाए हैं। कुछ प्लांट निजी संस्थाओं के माध्यम से संचालित किए जाने थे, लेकिन वे वर्षों से बंद पड़े हैं। इसके बावजूद संबंधित संस्थाओं को सरकार से मेंटेनेंस राशि मिलती रहने का आरोप भी लगाया गया। नेताओं का कहना है कि सीवरेज नालियों का गंदा पानी सीधे नदी में मिलने से नदी की सतह पर रासायनिक झाग बनने लगे हैं, जो यमुना नदी में दिखने वाली स्थिति जैसी समस्या पैदा कर रहे हैं।

सूखे नशे के खिलाफ प्रस्ताव
बैठक में प्रदेश में बढ़ रहे सूखे नशे को लेकर सरकार के रवैये की आलोचना करते हुए निंदा प्रस्ताव पारित किया गया। संगठन ने कहा कि इस समस्या से युवाओं को बचाने के लिए समाज स्तर पर जागरूकता अभियान जरूरी है।

महतारी विंग चलाएगी नशा मुक्ति अभियान
जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी की महतारी विंग प्रत्येक रविवार को वार्ड-वार्ड में प्रभात फेरी निकालकर नशा मुक्ति अभियान चला रही है। बैठक में इस अभियान को और बड़े स्तर पर चलाने की रणनीति भी बनाई गई। बैठक के दौरान जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के रायपुर जिला अध्यक्ष गोपी साहू ने पदाधिकारियों को सदस्यता अभियान में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर वार्ड नंबर 60 शहीद चंद्रशेखर वार्ड के अध्यक्ष की जिम्मेदारी निकेश को सौंपी गई।



































