TEHRAN NEWS. अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच छिड़ी जंग बेहद खतरनाक मोड़ पर पहुँच गई है। युद्ध के 15वें दिन ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की नौसेना ने सनसनीखेज दावा करते हुए कहा है कि उसने क्षेत्र में स्थित 3 अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर भीषण हमले किए हैं। इन हमलों ने खाड़ी देशों में तनाव को चरम पर पहुँचा दिया है।


ईरानी मीडिया द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार, IRGC नौसेना प्रमुख एडमिरल अलीरेजा तंगसीरी ने पुष्टि की है कि उनके निशाने पर मुख्य रूप से अबू धाबी का अल-धफरा एयरबेस और बहरीन का शेख ईसा एयरबेस थे। तंगसीरी के मुताबिक, इन ठिकानों पर मौजूद पैट्रियट रडार सिस्टम, सैन्य विमान और विमानों के ईंधन भंडारण टैंकों को भारी नुकसान पहुँचाया गया है। हालांकि, इन दावों की अभी तक किसी स्वतंत्र संस्था या अंतरराष्ट्रीय एजेंसी ने पुष्टि नहीं की है।


अगला निशाना हो सकता है अबू मूसा आइलैंड
दूसरी ओर, अमेरिका ने भी अपनी सैन्य कार्रवाई तेज कर दी है। खुफिया रिपोर्टों और अल जजीरा की एक रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका अब ईरान के कुछ रणनीतिक आइलैंड्स पर बड़ी कार्रवाई की तैयारी में है। बताया जा रहा है कि खार्ग आइलैंड को पहले ही निशाना बनाया जा चुका है, और अब अमेरिकी सेना का अगला संभावित लक्ष्य अबू मूसा आइलैंड हो सकता है।



































