RAIGHAR NEWS. शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत गोपी टॉकीज रोड पर स्थित एक मोबाइल दुकान में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। शातिर चोर ने ‘सेल स्पॉट’ नामक दुकान से 16 आईफोन और नगदी समेत करीब 13.39 लाख रुपये के माल पर हाथ साफ कर दिया है। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

जानकारी के अनुसार, लक्ष्मीपुर निवासी मोहम्मद फारुख अपनी मोबाइल दुकान ‘सेल स्पॉट’ को सोमवार रात बंद कर घर चले गए थे। मंगलवार सुबह जब वे दुकान पहुंचे, तो शोकेस और काउंटर का सामान अस्त-व्यस्त मिला। जांच करने पर पता चला कि चोर दुकान की दूसरी मंजिल के दरवाजे का लॉक तोड़कर अंदर दाखिल हुआ था।


सीसीटीवी में कैद हुई करतूत
सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि आरोपी अपने मोबाइल की फ्लैश लाइट जलाकर दुकान के अंदर घूम रहा था। उसने बड़े आराम से काउंटर से कीमती आईफोन निकाले और अपने पिट्ठू बैग में भर लिए। चोर ने न केवल 16 महंगे फोन चुराए, बल्कि दराज में रखे 30 हजार रुपये नगद भी लेकर फरार हो गया।

पुलिस और एफएसएल की टीम जांच में जुटी
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल की टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। कोतवाली पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जिले के सभी थाना-चौकी प्रभारियों को संदिग्ध की तस्वीरें भेज दी गई हैं। शशि मोहन सिंह ने बताया कि आरोपी की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने अपील की है कि यदि किसी को आरोपी के बारे में जानकारी मिले तो तुरंत सूचित करें, सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा।





































