RAIPUR NEWS. युवाओं की प्रतिभा, तकनीकी दक्षता और नवाचार क्षमता को राष्ट्रीय मंच देने के उद्देश्य से भारत सरकार के कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय द्वारा आयोजित इंडिया स्किल प्रतियोगिता 2025-26 के ईस्ट ज़ोन रीजनल मुकाबले में छत्तीसगढ़ के युवाओं ने शानदार प्रदर्शन किया है। राज्य के प्रतिभागियों ने कुल 12 पदक और 4 मेडल ऑफ एक्सीलेंस जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया है।

यह प्रतियोगिता चार चरणों—जिला, राज्य, रीजनल और राष्ट्रीय स्तर—पर आयोजित की जा रही है। राष्ट्रीय स्तर पर चयनित प्रतिभागियों को वर्ल्ड स्किल्स इंटरनेशनल के अंतर्गत भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।

सीएम विष्णु देव साय ने दी बधाई
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विजेता प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के युवाओं ने साबित कर दिया है कि वे राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर पर भी प्रतिस्पर्धा करने में सक्षम हैं। राज्य सरकार कौशल विकास को प्राथमिकता देते हुए आधुनिक प्रशिक्षण, नवाचार और उद्योगोन्मुख पाठ्यक्रमों को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि ‘सशक्त युवा, समृद्ध छत्तीसगढ़’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में अहम कदम है।

भुवनेश्वर में हुआ रीजनल राउंड
ईस्ट ज़ोन की रीजनल प्रतियोगिता का समापन भुवनेश्वर में हुआ। इसमें ओडिशा, बिहार, पश्चिम बंगाल, झारखंड, छत्तीसगढ़ और अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह के 200 से अधिक प्रतिभागियों ने 59 कौशल श्रेणियों में हिस्सा लिया। छत्तीसगढ़ ने 01 स्वर्ण, 02 रजत, 05 कांस्य पदक और 04 मेडल ऑफ एक्सीलेंस अपने नाम किए।

इन प्रतिभागियों ने दिलाया गौरव
स्वर्ण पदक: डिजिटल इंटरैक्टिव मीडिया में सुनील कुमार पैतल
रजत पदक: 3डी डिजिटल गेम आर्ट में खुशांक नायक, सीएनसी मिलिंग में पुष्कर सोनबर, सीएनसी टर्निंग में आत्माराम
कांस्य पदक: सीएनसी मिलिंग में निखिल, इलेक्ट्रॉनिक्स में अभिषेक कुमार, प्लंबिंग एवं हीटिंग में रेशमान, वेब टेक्नोलॉजी में सतेंद्र कुमार
मेडल ऑफ एक्सीलेंस: रिन्यूएबल एनर्जी में नोहर लाल पटेल, मैकेनिकल इंजीनियरिंग में ओम बंजारे, हेल्थ एंड सोशल केयर में अंतरा मुखर्जी

राज्य स्तर पर ऐसे हुआ चयन
उल्लेखनीय है कि राज्य में प्रतियोगिता का सफल आयोजन छत्तीसगढ़ राज्य कौशल विकास प्राधिकरण द्वारा किया गया। 19 कौशल ट्रेड्स में आयोजित जिला स्तरीय प्रतियोगिता में 3327 प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिनमें से 381 प्रतिभागी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित हुए।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता 3 और 4 फरवरी 2026 को रायपुर, दुर्ग और रायगढ़ के प्रतिष्ठित संस्थानों में आयोजित की गई। व्यावहारिक मूल्यांकन के बाद 38 प्रतिभागियों को रीजनल स्तर के लिए चुना गया। अब रीजनल स्तर पर सफल प्रतिभागी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे।
राज्य में पहली बार ‘कौशल तिहार 2025’ और मोबाइल आधारित एमसीक्यू परीक्षा जैसे नवाचारों के जरिए प्रतियोगिता का पारदर्शी और व्यापक संचालन किया गया, जिसकी व्यापक सराहना हो रही है।


































