RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भारतीय वायुसेना के एक विंग कमांडर ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुरैना स्थित विधायक कॉलोनी के एक मकान में उनका शव कमरे के अंदर पंखे से लटका मिला। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक विंग कमांडर विपुल यादव (39) का शव पुरैना विधायक कॉलोनी स्थित बंगला नंबर-79 के बेडरूम में फांसी के फंदे पर लटका मिला।

बताया गया कि वे मूल रूप से Haryana के रहने वाले थे और फिलहाल रायपुर में तैनात थे। वे छत्तीसगढ़ में चल रहे एंटी-नक्सल ऑपरेशन से जुड़े दायित्व भी संभाल रहे थे। सुबह घर में काम करने वाली मेड जब कमरे के पास पहुंची तो उसने विंग कमांडर का शव पंखे से लटका देखा। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

घटना के समय घर के दूसरे कमरे में उनके दोनों बच्चे सो रहे थे। वहीं उनकी पत्नी काम के सिलसिले में Delhi गई हुई थीं। बताया जा रहा है कि दोनों की 2014 में लव मैरिज हुई थी। उनकी पत्नी पहले वायुसेना में कार्यरत थीं और वर्तमान में आईटी सेक्टर में काम कर रही हैं।

पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। शुरुआती तौर पर पारिवारिक विवाद की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

अधिकारियों का कहना है कि परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।



































