KORBA NEWS. छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर के बेटे संदीप कंवर से जुड़ा एक मामला सामने आया है, जिसने कानून व्यवस्था और राजनीतिक रसूख को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप है कि संदीप कंवर ने शराब के नशे में कार से सड़क किनारे लगे एक दुकान को टक्कर मार दी और बाद में दुकानदार के साथ मारपीट कर दी।

जानकारी के अनुसार, यह घटना कोरबा के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित पुराना बस स्टैंड के पास की है। बताया जा रहा है कि संदीप कंवर स्विफ्ट डिजायर कार चलाते हुए सड़क किनारे लगी सेवई की एक दुकान से जा टकराए। इस हादसे में दुकान को नुकसान पहुंचा और आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।

दुकान संचालक बुजुर्ग अजीम कुरैशी ने जब उनसे इस बारे में बात करने की कोशिश की तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि नशे में धुत संदीप कंवर ने बुजुर्ग के साथ मारपीट कर दी। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और संदीप कंवर को कार सहित कोतवाली थाने ले जाया गया।

थाने में भी किया हंगामा
बताया जा रहा है कि थाने पहुंचने के बाद भी संदीप कंवर का व्यवहार आक्रामक बना रहा। उन्होंने पुलिस अधिकारियों के सामने ही गाली-गलौच शुरू कर दी। इसी दौरान उनके कुछ समर्थक भी थाने पहुंच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक समर्थकों ने संदीप कंवर को कार में बैठाया और थाने से लेकर चले गए, जबकि पुलिस मौके पर मूकदर्शक बनी रही।

इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या राजनीतिक रसूख के सामने कानून व्यवस्था कमजोर पड़ जाती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर यही घटना किसी आम व्यक्ति द्वारा की जाती, तो उसके खिलाफ तुरंत सख्त कार्रवाई होती।



































