RAIPUR NEWS. राजधानी के औद्योगिक क्षेत्र उरला स्थित मेटल पार्क इलाके में शनिवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब वहां एक अज्ञात नरकंकाल बरामद किया गया। शुरुआती जांच और मौके पर मिले कपड़ों के आधार पर मृतक की पहचान दिलीप (45-50 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस को अंदेशा है कि साक्ष्य छिपाने की नीयत से हत्या के बाद शव को सुनसान इलाके में फेंका गया होगा।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिलीप पिछले एक महीने से लापता था। उसके परिजनों ने उरला थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शनिवार को मेटल पार्क के पास कंकाल मिलने की सूचना के बाद उरला पुलिस, क्राइम ब्रांच और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम ने मौके पर पहुंचकर बारीकी से निरीक्षण किया।


साक्ष्य मिटाने की कोशिश, डीएनए जांच का सहारा
घटनास्थल पर शव पूरी तरह से गल चुका था, केवल हड्डियां ही शेष बची थीं। पुलिस इसे हत्या के नजरिए से देख रही है। आशंका जताई जा रही है कि आरोपियों ने हत्या कर शव को सुनसान इलाके में ठिकाने लगा दिया ताकि सबूत मिटाए जा सकें। फॉरेंसिक टीम ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। हड्डियों के अवशेषों को पोस्टमॉर्टम और डीएनए जांच के लिए लैब भेजा जा रहा है, ताकि आधिकारिक तौर पर पहचान की पुष्टि और मौत के कारणों का पता चल सके।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
उरला थाना प्रभारी के मुताबिक, पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि दिलीप की आखिरी लोकेशन और किसी से पुरानी रंजिश के बारे में जानकारी मिल सके। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।



































