JANJGIR CHAMPA NEWS. जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम भिलौनी में रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक शराबी पिता ने अपने ही 6 साल के मासूम बेटे की नहर में डुबोकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पिता रमेश यादव को हिरासत में ले लिया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी रमेश यादव (निवासी ग्राम भैंसों) का अपनी पत्नी के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था। शराब की लत और मारपीट से तंग आकर उसकी पत्नी अपने दो बच्चों के साथ मायके भिलौनी में रह रही थी। इसी बात से नाराज होकर रमेश अक्सर पत्नी को जान से मारने की धमकी देता रहता था।


देर रात वारदात को दिया अंजाम
घटना शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे की है। आरोपी ससुराल पहुँचा और वहां सो रहे अपने बेटे आयुष यादव को साथ लेकर घर से निकल गया। कुछ घंटों बाद वह आयुष का मृत शरीर लेकर वापस भिलौनी पहुँचा। मृतक की माँ ने अपने पति पर हत्या का आरोप लगाते हुए बताया कि रमेश ने उसे भी मार डालने की धमकी दी थी।

बहानेबाजी के बाद कबूला जुर्म
पामगढ़ थाना प्रभारी सावन सारथी ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने नशे में होने और साइकिल के नहर में गिरने से मौत होने का नाटक किया। हालांकि, पुलिस की कड़ाई से पूछताछ के बाद उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि पत्नी के वापस घर न आने के कारण वह आक्रोशित था, जिसके चलते उसने मासूम को नहर में डुबो दिया। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और आरोपी को जेल भेजने की तैयारी की जा रही है।



































