RAIPUR NEWS. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित विवादित टिप्पणी करने के मामले में छत्तीसगढ़ कांग्रेस के पीसीसी संयुक्त महामंत्री विनोद तिवारी को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस टीम ने उन्हें कौशांबी, उत्तर प्रदेश से हिरासत में लिया। मिली जानकारी के अनुसार विनोद तिवारी कौशांबी में एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान दिल्ली पुलिस की टीम वहां पहुंची और उन्हें हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।

बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई 3 फरवरी को सोशल मीडिया पर की गई एक पोस्ट से जुड़े मामले में की गई है। सूत्रों के मुताबिक उक्त पोस्ट को लेकर पहले शिकायत दर्ज कराई गई थी। इसी शिकायत के आधार पर दिल्ली पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी। जांच के बाद पुलिस टीम कौशांबी पहुंची और कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

फिलहाल दिल्ली पुलिस ने विनोद तिवारी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस कार्रवाई के बाद राजनीतिक हलकों में भी हलचल तेज हो गई है और मामले को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

बता दें कि छत्तीसगढ़ कांग्रेस के पीसीसी संयुक्त महामंत्री विनोद तिवारी पर आरोप है कि उन्होंने 3 फरवरी को सोशल मीडिया (फेसबुक/एक्स) पर एक पोस्ट लिखकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर आपत्तिजनक और कथित तौर पर अपमानजनक टिप्पणी की थी।

क्या कहा था पोस्ट में
बताया जा रहा है कि उस पोस्ट में प्रधानमंत्री को लेकर व्यक्तिगत और अभद्र शब्दों का इस्तेमाल किया गया था, जिसे भाजपा कार्यकर्ताओं ने आपत्तिजनक बताते हुए शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद मामले की जांच दिल्ली पुलिस ने शुरू की और उसी शिकायत के आधार पर कार्रवाई की गई।



































