RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) ने कक्षा 12वीं की हिंदी विषय की परीक्षा को निरस्त करने का कड़ा फैसला लिया है। यह निर्णय प्रश्नपत्र लीक होने की शिकायतों और प्रारंभिक जांच में सामने आए तथ्यों के बाद लिया गया है। बोर्ड ने अब इस परीक्षा के लिए 10 अप्रैल 2026 की नई तिथि निर्धारित की है।

जानकारी के अनुसार, हिंदी की परीक्षा पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत 14 मार्च 2026 को आयोजित की गई थी। परीक्षा के दौरान और उसके तुरंत बाद मंडल को पेपर लीक से जुड़ी कई शिकायतें प्राप्त हुईं। मामले की गंभीरता को देखते हुए विभाग ने आंतरिक जांच शुरू की।


जांच के दौरान कुछ ऐसे महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए जिससे परीक्षा की शुचिता पर सवाल खड़े हो गए। नतीजतन, बोर्ड ने छात्रों के भविष्य और निष्पक्षता को ध्यान में रखते हुए पुरानी परीक्षा को रद्द करने का निर्णय लिया।

संबंधितों पर FIR दर्ज
मंडल ने इस मामले में कड़ी कार्रवाई के संकेत दिए हैं। संबंधित संदिग्धों और केंद्रों के खिलाफ FIR दर्ज कर विस्तृत पुलिस जांच शुरू कर दी गई है। बोर्ड के अधिकारियों का कहना है कि परीक्षा की गोपनीयता भंग करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।






































