RAIPUR NEWS. भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने आगामी राज्यसभा चुनावों के लिए छत्तीसगढ़ से अपने अधिकृत प्रत्याशी के रूप में वरिष्ठ महिला नेत्री लक्ष्मी वर्मा के नाम की घोषणा कर दी है। भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने संगठनात्मक सक्रियता और सामाजिक समीकरणों को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया है। लक्ष्मी वर्मा छत्तीसगढ़ भाजपा की एक प्रमुख सदस्य रही हैं और लंबे समय से संगठन में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।

इस घोषणा के साथ ही प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। छत्तीसगढ़ में राज्यसभा की दो सीटें खाली हो रही हैं, जिनमें से एक सीट पर भाजपा की जीत सुनिश्चित मानी जा रही है। लक्ष्मी वर्मा के नामांकन से पार्टी ने ‘मातृशक्ति’ और क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व का संदेश देने की कोशिश की है। निर्धारित चुनावी कार्यक्रम के अनुसार जल्द ही नामांकन और मतदान की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

ओबीसी समीकरण और महिला नेतृत्व काे साधने का प्रयास
लक्ष्मी वर्मा के नाम पर मुहर लगाकर भाजपा ने छत्तीसगढ़ में ओबीसी (OBC) समीकरण और महिला नेतृत्व को एक साथ साधने का प्रयास किया है। राजनीतिज्ञ जानकारों के मुताबिक, पार्टी इस बार ‘मातृशक्ति’ को प्राथमिकता देने के मूड में थी। ऐसे में लक्ष्मी वर्मा का नाम सबसे आगे चल रहा थी। संगठन में उनकी सक्रिय भूमिका और महिला वर्ग में पकड़ को देखते हुए केंद्रीय नेतृत्व ने सकारात्मक संकेत दिए।

जानिए कौन हैं लक्ष्मी वर्मा?
लक्ष्मी वर्मा छत्तीसगढ़ भाजपा की एक प्रभावशाली महिला नेता हैं। उनके राजनीतिक सफर की मुख्य बातें निम्नलिखित हैं:
संगठनात्मक पद: वह वर्तमान में भाजपा छत्तीसगढ़ की प्रदेश उपाध्यक्ष के रूप में जिम्मेदारी संभाल रही हैं।

-प्रशासनिक अनुभव: वह छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष और सदस्य रह चुकी हैं।
-स्थानीय राजनीति: लक्ष्मी वर्मा रायपुर जिला पंचायत की अध्यक्ष (Ex-President Zila Panchayat Raipur) के रूप में भी कार्य कर चुकी हैं।
-सक्रियता: वह लंबे समय से जमीनी स्तर पर पार्टी की कार्यकर्ता रही हैं और महिलाओं के बीच उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है।





































