RAIPUR NEWS. रायपुर में बिजली मीटर लगाने के नाम पर एम्स के नर्सिंग अधिकारी से 1.64 लाख रुपए की ऑनलाइन ठगी हो गई। ठग ने बिजली विभाग का कर्मचारी बनकर कॉल किया और APK फाइल भेजकर मोबाइल हैक कर लिया। हीरापुर निवासी हरकेश सिंह यादव सरोना में बन रहे अपने नए मकान के लिए अस्थायी बिजली कनेक्शन का आवेदन कर चुके थे। बताया गया कि 25 मार्च को हरकेश व्हाट्सएप कॉल आया, जिसमें मीटर लगाने के लिए ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करने को कहा गया।

ठग ने APK फाइल भेजी, जिसे खोलने और जानकारी भरने के बाद आरोपी ने OTP मांगा। OTP बताते ही खाते से अलग-अलग ट्रांजेक्शन में 1.64 लाख रुपए निकाल लिए गए। पीड़ित ने तुरंत बैंक खाता ब्लॉक कराया और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगा रही है कि बिजली विभाग में ऑफलाइन आवेदन की जानकारी ठग तक कैसे पहुंची। आशंका है कि आवेदन से जुड़ा डाटा लीक हुआ है।

APK/ऑनलाइन ठगी से ऐसे बचें
APK फाइल कभी डाउनलोड न करें
सिर्फ Google Play Store / Apple App Store से ही ऐप डाउनलोड करें
WhatsApp, SMS या लिंक से आई APK फाइल खतरनाक होती है
OTP किसी को न बताएं
बैंक, बिजली विभाग, KYC कोई भी OTP नहीं मांगता
OTP बताना मतलब खाते की चाबी देना

अनजान कॉल/मैसेज से सावधान रहें
मीटर लगेगा, KYC अपडेट, लोन ऑफर जैसे झांसे आम हैं
कॉल आने पर पहले ऑफिशियल नंबर से वेरिफाई करें
मोबाइल में परमिशन चेक करें
कोई ऐप अगर SMS, बैंकिंग या स्क्रीन एक्सेस मांग रहा है → तुरंत हटाएं
Unknown Sources से इंस्टॉल बंद रखें

बैंकिंग अलर्ट तुरंत देखें
SMS/नोटिफिकेशन ऑन रखें
संदिग्ध ट्रांजेक्शन दिखते ही तुरंत बैंक को कॉल करें
तुरंत क्या करें (अगर फंस गए)
1930 (Cyber Crime Helpline) पर कॉल करें
cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें
बैंक खाता/कार्ड तुरंत ब्लॉक कराएं



































