NEW DELHI NEWS. देशभर में गुणवत्तापूर्ण स्कूली शिक्षा के लिए पहचान रखने वाले केंद्रीय विद्यालय संगठन (KVS) ने नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया का आगाज कर दिया है। इस बार भी नर्सरी स्तर (बालवाटिका) से लेकर कक्षा 1 तक एडमिशन के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। ऐसे में जिन अभिभावकों का लक्ष्य अपने बच्चों को केंद्रीय विद्यालय में दाखिला दिलाना है, उनके लिए यह अहम मौका है।

KVS के अनुसार, बालवाटिका और कक्षा 1 में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन 20 मार्च 2026 से शुरू हो चुके हैं। इच्छुक अभिभावक 2 अप्रैल 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। तय समयसीमा के बाद किसी भी तरह का आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा, इसलिए समय रहते प्रक्रिया पूरी करना जरूरी है। फिलहाल प्रवेश प्रक्रिया सिर्फ प्री-प्राइमरी (बालवाटिका-1, 2, 3) और कक्षा 1 के लिए ही शुरू की गई है।

वहीं, कक्षा 2 से ऊपर (कक्षा 11 को छोड़कर) दाखिले की प्रक्रिया बाद में ऑफलाइन मोड में संबंधित विद्यालयों में उपलब्ध सीटों के आधार पर होगी। केंद्रीय विद्यालय में एडमिशन के लिए पूरी प्रक्रिया डिजिटल रखी गई है। बता दें कि केंद्रीय विद्यालय संगठन के स्कूल देशभर में एक समान पाठ्यक्रम, बेहतर शैक्षणिक माहौल और समग्र विकास के लिए जाने जाते हैं। यही वजह है कि हर साल लाखों अभिभावक अपने बच्चों के लिए यहां एडमिशन का इंतजार करते हैं।

इस उम्र के बच्चों को मिलेगा एडमिशन
बालवाटिका-1: 3 से 4 वर्ष
बालवाटिका-2: 4 से 5 वर्ष
बालवाटिका-3: 5 से 6 वर्ष
कक्षा 1: 6 से 8 वर्ष
निर्धारित आयु सीमा के अनुसार ही आवेदन मान्य होंगे।

इस प्रक्रिया से होगी एडमिशन
बालवाटिका: 8 अप्रैल 2026
कक्षा 1: 9 अप्रैल 2026
दूसरी सूची (यदि सीटें खाली रहीं): 16 अप्रैल 2026
तीसरी सूची: 21 अप्रैल 2026

ऐसे करें आवेदन
- सबसे पहले KVS की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं
- कक्षा 1 या बालवाटिका एडमिशन लिंक पर क्लिक करें
- नए यूजर के रूप में रजिस्ट्रेशन करें
- बच्चे और अभिभावक की जरूरी जानकारी सावधानी से भरें
- फॉर्म सबमिट करने के बाद उसका प्रिंट या पीडीएफ सुरक्षित रखें


































