BILASPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में ठगों ने दो अलग-अलग अंदाज़ में वारदातों को अंजाम देकर लाखों रुपये डकार लिए हैं। ठगों के झांसे में आकर एक सराफा कारोबारी ने 36.83 लाख रुपये के जेवर गंवा दिए, जबकि एक व्यवसायी को दोगुने मुनाफे का लालच देकर 15.50 लाख रुपये ठग लिए गए।

केस 1: सराफा कारोबारी से 36.83 लाख की ठगी
तेलीपारा रोड स्थित श्री लीला ज्वेलर्स के संचालक तुषार दोषी के साथ राजस्थान के एक ठग ने बड़ी चालाकी से वारदात को अंजाम दिया। 6 मार्च 2024 को उदयपुर, राजस्थान निवासी कमलेश सोनी दुकान पर आया और खुद को ‘राम सिल्वर’ का संचालक बताकर व्यापारिक लेनदेन का भरोसा दिलाया। आरोपी ने 22 कैरेट सोने के करीब 224.670 ग्राम के हार और कंगन बुक किए। कारोबारी ने 20 मार्च 2024 को जेवर कुरियर के जरिए राजस्थान भेज दिए। जेवर मिलने के बाद आरोपी ने 28 मार्च 2024 को केवल 6 लाख 500 रुपये का ऑनलाइन भुगतान किया और शेष राशि डकार कर मोबाइल बंद कर लिया। पुलिस ने शिकायत के बाद जांच शुरू कर दी है।

केस 2: दोगुने मुनाफे के नाम पर 15.50 लाख की चपत
दूसरा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है, जहाँ सत्ती जिले के रहने वाले व्यवसायी कमलेश ग्वेल को ठगा गया। साल 2023 में कमलेश की मुलाकात फेसबुक के जरिए रेवती मैत्री नाम की महिला से हुई। महिला ने खुद को दिल्ली की एक बड़ी कंपनी (नैस्वीज रिटेल्स प्राइवेट लिमिटेड) से जुड़ा बताकर निवेश पर रकम दोगुनी करने का लालच दिया। भरोसे में लेने के बाद आरोपियों (इमरान खान और मोहम्मद रईस सहित) ने अलग-अलग तारीखों में कमलेश से 7.50 लाख रुपये ऑनलाइन और 8 लाख रुपये नकद ले लिए। जब पीड़ित ने पैसे वापस मांगे, तो उसे मारपीट और झूठे केस में फंसाने की धमकी दी गई।पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 420, 506 और 34 भादंवि के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ व्यापारिक लेनदेन करने या सोशल मीडिया पर भारी मुनाफे वाले निवेश के झांसे में आने से पहले पूरी पड़ताल जरूर करें।




































