SARANGARH NEWS. सारंगढ़–बिलाईगढ़ जिले के ग्राम झाल में आपसी रंजिश ने खूनी रूप ले लिया। एक ही परिवार के तीन लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी गई, जबकि दो सदस्य गंभीर रूप से घायल हैं। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस के मुताबिक मृतकों में मंदो बाई (62), उनके बेटे राजेश सारथी (36) और 9 वर्षीय नाती प्रशांत सारथी शामिल हैं।

हमले में कुमार साय सारथी (65) और उनकी बहू संजुकता सारथी (30) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को रायगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वारदात को पड़ोस में रहने वाले रिश्तेदार तुलसी दास सारथी और उसके साथियों ने अंजाम दिया। दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था, जो हिंसा में बदल गया।


घटना की सूचना मिलते ही डोंगरीपाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थिति को नियंत्रण में लेकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और अन्य आरोपियों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। घटना के बाद गांव में आक्रोश और भय का माहौल है। अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।




































