BILASPUR NEWS. शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली अभिषेक विहार फेज-2 (मंगला) कॉलोनी में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने एक रिटायर्ड आर्मी ऑफिसर के सूने मकान का ताला तोड़कर लगभग 4.50 लाख रुपये की संपत्ति पार कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी शैलेश मिश्रा, जो भारतीय सेना से सेवानिवृत्त अधिकारी हैं, 19 फरवरी को अपने परिवार के साथ बलौदाबाजार में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। शनिवार, 21 फरवरी को जब वे वापस लौटे, तो घर का मुख्य दरवाजा खुला देख दंग रह गए।

अंदर जाने पर पता चला कि चोरों ने अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के कीमती आभूषण और नगदी पर हाथ साफ कर दिया है। चोरी गई संपत्ति की कुल कीमत करीब 4.50 लाख रुपये आंकी जा रही है।

पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना प्रभारी एस.आर. साहू अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक विशेषज्ञों को मौके पर बुलाया। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

इस घटना के बाद से अभिषेक विहार कॉलोनी के निवासियों में डर का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने और चोरों को जल्द से जल्द पकड़ने की मांग की है।




































