BILASPUR NEWS. शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में जिला कोर्ट के सामने एक हृदयविदारक हादसा सामने आया है। निर्माणाधीन जिला कोर्ट बिल्डिंग से मटेरियल खाली करके निकल रहे एक ट्रक ने बाइक सवार छात्र को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में घायल छात्र, जो कि एक तहसीलदार का बेटा है, की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान मनिंद्र भूषण सिंह श्याम (23) के रूप में हुई है। वह राजनांदगांव जिले के छुरिया का रहने वाला था और बिलासपुर के सकरी क्षेत्र स्थित रामा लाइफ सिटी में किराए का मकान लेकर PSC (कंपीटिटिव एग्जाम) की तैयारी कर रहा था। उसके पिता हनुमंत सिंह श्याम बालोद जिले के गुरूर ब्लॉक में तहसीलदार के पद पर पदस्थ हैं।

सुबह टहलने निकला था मनिंद्र
हादसा मंगलवार सुबह करीब 4 बजे का है। मनिंद्र अपनी बाइक से घूमने निकला था। इसी दौरान कलेक्ट्रेट के पास निर्माणाधीन जिला कोर्ट बिल्डिंग से कंस्ट्रक्शन मटेरियल लेकर निकल रहे ट्रक (CG29AC0934) के चालक ने बिना देखे ट्रक को मुख्य सड़क पर उतार दिया। अचानक सामने आए ट्रक को देखकर मनिंद्र हड़बड़ा गया और बाइक सीधे ट्रक से टकरा गई।

इलाज के दौरान तोड़ा दम
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायल मनिंद्र को सिम्स (CIMS) अस्पताल पहुंचाया। लगभग एक घंटे तक चले इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।

पुलिस ने दर्ज किया मामला
पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। इस हादसे ने निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


































