COLOMBO NEWS. टी20 वर्ल्ड कप के हाई-वोल्टेज मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान पर पूरी तरह दबदबा बनाते हुए 61 रन से शानदार जीत दर्ज की। यह टूर्नामेंट इतिहास में पाकिस्तान के खिलाफ रनों के अंतर से भारत की सबसे बड़ी जीत है। इस जीत के साथ टीम इंडिया ने सुपर-8 में प्रवेश कर लिया और ग्रुप ए की अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया। भारत ने इस जीत के साथ न केवल अंक तालिका में बढ़त बनाई, बल्कि टूर्नामेंट में अपनी दावेदारी भी मजबूत कर दी है।

आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी, लेकिन भारतीय बल्लेबाजों ने आक्रामक अंदाज में जवाब दिया। भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही और अभिषेक शर्मा पहले ओवर में बिना खाता खोले आउट हो गए। इसके बाद इशान किशन ने मोर्चा संभाला। उन्होंने तिलक वर्मा के साथ साझेदारी करते हुए पारी को स्थिर किया और फिर आक्रामक रुख अपनाया।

इशान ने 40 गेंदों में 77 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 10 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। उनकी बल्लेबाजी की बदौलत भारत ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 175 रन बनाए। 176 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम शुरुआत से ही दबाव में दिखी। पहले ही ओवर में हार्दिक पंड्या ने साहिबजादा फरहान को बिना खाता खोले पवेलियन भेज दिया।

इसके बाद टॉप ऑर्डर पूरी तरह बिखर गया। फरहान, अयूब, सलमान और बाबर—ये चारों मिलकर सिर्फ 15 रन ही जोड़ सके। पूरी टीम 18 ओवर में 114 रन पर सिमट गई। हार्दिक पंड्या ने सबसे ज्यादा 2 विकेट झटके। इशान किशन को उनकी शानदार पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

ये भी जानें
- टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में पाकिस्तान पर 61 रनों के अंतर से भारत की सबसे बड़ी जीत।
- लगातार तीसरी जीत के साथ भारत सुपर-8 में क्वालिफाई।
- ग्रुप ए की अंक तालिका में भारत शीर्ष पर।
- इशान किशन की 40 गेंदों में 77 रन की मैच जिताऊ पारी।
- पाकिस्तान के टॉप-4 बल्लेबाज सिर्फ 34 रन पर आउट।
- 176 रन के लक्ष्य का बचाव करते हुए पाकिस्तान को 114 रन पर समेटा।



































