RAIGHAR NEWS. शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत लक्ष्मीपुर में आपसी रंजिश के चलते एक स्कूली छात्र की बेरहमी से पिटाई का मामला सामने आया है। आरोपियों ने न केवल छात्र का रास्ता रोककर उसे घसीट-घसीट कर मारा, बल्कि इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल भी कर दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 4 नाबालिगों समेत 6 आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, दीनदयाल कॉलोनी निवासी एक स्कूली छात्र 6 फरवरी को अपने दोस्तों के साथ स्कूटी से घर लौट रहा था। इसी दौरान लक्ष्मीपुर स्थित ओला शोरूम के पास अभय सिंह ठाकुर, कपिश मित्तल और उनके अन्य साथियों ने छात्र का रास्ता रोक लिया। पुरानी स्कूली रंजिश को लेकर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए छात्र पर डंडों और लात-घूंसों से हमला कर दिया।

वीडियो वायरल होने पर मचा हड़कंप
हैरानी की बात यह है कि मारपीट करने वाले गुट के ही एक सदस्य ने इस पूरी घटना का वीडियो मोबाइल पर रिकॉर्ड किया। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि आरोपी युवक छात्र को सड़क पर घसीट रहे हैं और उस पर हमला कर रहे हैं। घायल छात्र को राहगीरों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जिसके बाद कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

पुलिस की कार्रवाई: 6 आरोपी हिरासत में
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दबिश देकर कुल 6 लोगों को पकड़ा है: मुख्य आरोपी अभय सिंह ठाकुर (19 वर्ष) और कपिश मित्तल (18 वर्ष) को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा।घटना में शामिल 4 नाबालिगों को किशोर न्यायालय भेजा जा रहा है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के साथ-साथ ‘बलवा’ की धाराएं भी जोड़ी जा रही हैं।

अभिभावकों और स्कूलों को चेतावनी
सीएसपी मयंक मिश्रा ने आरोपियों के परिजनों को कार्यालय बुलाकर सख्त हिदायत दी है कि वे बच्चों की संगति और गतिविधियों पर कड़ी नजर रखें। वहीं, एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया है कि जिले में गुंडागर्दी और सार्वजनिक रूप से कानून हाथ में लेने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा रायगढ़ में शांति भंग करने वालों और सोशल मीडिया पर हिंसा का वीडियो वायरल कर माहौल बिगाड़ने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



































