MAHASAMUND NEWS. छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बलौदाबाजार जिले का रहने वाला एक 17 वर्षीय नाबालिग अपनी प्रेमिका से मिलने गया था, जिसके बाद वह अचानक लापता हो गया। 15 दिनों बाद उसका शव प्रेमिका के घर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर जंगल में मिला। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

मामला 29 जनवरी की रात का है। रिपोर्ट के अनुसार, मृतक उद्रेश वर्मा अपने दोस्तों के साथ मेला देखने गया था, लेकिन लौटते समय वह अपनी प्रेमिका से मिलने महासमुंद जिले के जामनीडीह गांव पहुंच गया। लापता होने से पहले उद्रेश की दोस्तों से हुई बातचीत का एक ऑडियो भी वायरल हुआ है। इस ऑडियो में उद्रेश घबराया हुआ कह रहा है, मैं वहां से भाग रहा हूं… कुछ लोग पीछा कर रहे हैं। यहां छोटा सा रास्ता है, तुम लोग इधर मत आना, मैं लोकेशन भेजता हूं।

जांच में जुटी पुलिस
लापता होने के अगले दिन 30 जनवरी दोस्तों ने पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस को मौके से उद्रेश का मोबाइल और जूता मिला था। शव मिलने के बाद डॉग स्क्वाड की मदद ली गई, लेकिन कोई ठोस सुराग नहीं मिला। पुलिस फिलहाल हत्या सहित सभी पहलुओं से जांच कर रही है और प्रेमिका व उसके परिजनों से पूछताछ कर रही है।

परिजनों का फूटा गुस्सा, थाने का किया घेराव
बेटे का शव मिलने के बाद परिजनों ने शुक्रवार को थाने का घेराव किया। उद्रेश की मां लक्ष्मी वर्मा ने आरोप लगाया कि लड़की ने फोन कर उनके बेटे को बुलाया था। उन्होंने कहा, “मुझे मेरे बेटे के लिए इंसाफ चाहिए। उन लोगों को पकड़ा जाए जिन्होंने मेरे बेटे को मारा-पीटा है।” शव काफी हद तक डीकंपोज हो चुका था, जिसे पोस्टमार्टम के लिए रायपुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।





































