RAIPUR NEWS. राजधानी रायपुर के लाभांडी क्षेत्र में स्थित आबकारी भवन में शनिवार देर रात अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग भवन की तीसरी मंजिल पर लगी, जहां आबकारी निगम का एक महत्वपूर्ण कार्यालय संचालित होता है। इस हादसे में विभाग की कई जरूरी फाइलें और दस्तावेज जलकर नष्ट हो गए।

जानकारी के अनुसार, जिस अनुभाग में आग लगी, वहीं से सोमवार से निगम के आय-व्यय से संबंधित ऑडिट शुरू होना था। शनिवार को दिनभर ऑडिट की तैयारियों के चलते अधिकारियों और कर्मचारियों की आवाजाही बनी रही, लेकिन देर रात कार्यालय बंद होने के कुछ समय बाद अचानक आग भड़क उठी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग की शुरुआत तीसरी मंजिल पर स्थित ऑडिट से जुड़े कक्ष से हुई। दमकल विभाग को सूचना मिलते ही गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन तब तक आग रिकॉर्ड रूम को काफी नुकसान पहुंचा चुकी थी। कई महत्वपूर्ण दस्तावेज पूरी तरह जल गए।

प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। रविवार सुबह पुलिस और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

फिलहाल आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। घटना ने विभागीय सुरक्षा इंतजामों और कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं, खासकर उस समय जब महत्वपूर्ण ऑडिट प्रक्रिया शुरू होने वाली थी।



































