RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आयोजित GATE परीक्षा के दौरान हाईटेक तरीके से नकल कराने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। क्राइम ब्रांच और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में हरियाणा से आए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई सरोना स्थित ‘आयन डिजिटल जोन’ परीक्षा केंद्र में की गई।

गिरफ्तार आरोपियों में हरियाणा के झज्जर निवासी दर्शन सहवाग, सुमित सहवाग, फतेहाबाद जिले के लक्ष्मीनारायण उर्फ लक्की, अमर, बंटी कुमार और हिसार निवासी नरेंद्र कुमार शामिल हैं। पुलिस ने उनके पास से 3 ब्लूटूथ ईयर डिवाइस, 4 ब्लूटूथ इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, 8 मोबाइल फोन, 3 सिम कार्ड सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं।

2-2 लाख रुपये में पास कराने का सौदा
पश्चिम जिले के डीसीपी ने बताया कि गिरोह के सदस्य इंटरकॉम आधारित ब्लूटूथ डिवाइस के जरिए परीक्षा में नकल करा रहे थे। परीक्षा केंद्र के बाहर बैठे आरोपी प्रश्नपत्र मिलते ही गूगल पर उत्तर खोजते और ब्लूटूथ के माध्यम से अंदर बैठे परीक्षार्थियों को डिक्टेट करते थे। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे बीटेक तक पढ़े हैं और प्रत्येक अभ्यर्थी को पास कराने के लिए 2-2 लाख रुपये में ठेका लिया गया था।

पहले से थी पुलिस को सूचना
रायपुर पुलिस को पहले ही सूचना मिल चुकी थी कि GATE परीक्षा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से नकल कराने की साजिश रची जा रही है। इसके बाद पुलिस ने सरोना स्थित परीक्षा केंद्र के आसपास निगरानी बढ़ाई और संदिग्ध युवकों को इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के साथ हिरासत में लिया। पूछताछ में उन्होंने अंदर परीक्षा दे रहे साथियों के नाम बताए, जिसके आधार पर केंद्र के भीतर भी कार्रवाई की गई और ब्लूटूथ डिवाइस बरामद किए गए।

आगे की जांच जारी, आरोपियों को भेजा जेल
पुलिस को आशंका है कि इस गिरोह में और भी लोग शामिल हो सकते हैं, इसलिए मामले की विस्तृत जांच जारी है। राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में इस तरह के संगठित गिरोह के पकड़े जाने से पुलिस सतर्क हो गई है, खासकर आगामी पीएससी प्रारंभिक परीक्षा को देखते हुए। सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।


































