BILASPUR NEWS. शहर में बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अंतर्गत ठगों ने खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताकर एक रिटायर्ड कर्मचारी को अपना शिकार बनाया और उनसे करीब 3 तोला सोने की चेन और अंगूठी ठग ली। ठगों ने बुजुर्ग को बातों में उलझाकर गहनों के बदले कागज की पुड़िया में पत्थर थमा दिए।

पीड़ित हरि प्रसाद पटेल (निवासी कुम्हारपारा) 25 फरवरी की दोपहर अपने बेटे की दुकान पर खाना पहुंचाकर स्कूटी से घर लौट रहे थे। इसी दौरान समता कॉलोनी के पास काले रंग की बाइक पर सवार दो युवकों ने उन्हें ओवरटेक कर रोका। बदमाशों ने खुद को क्राइम ब्रांच का अफसर बताते हुए उन्हें नियम तोड़ने की धमकी दी और डराया कि आगे लूट की घटनाएं हो रही हैं, इसलिए वे अपने जेवर उतारकर सुरक्षित रख लें।

गहने गायब कर थमा दिए पत्थर
ठगों ने बुजुर्ग की 10 साल पुरानी सोने की चेन और 3 ग्राम की अंगूठी उतरवाई। आरोपियों ने बड़ी चालाकी से उन गहनों को अपने पास रख लिया और एक कागज की पुड़िया बनाकर बुजुर्ग के थैले में रख दी। उन्होंने बुजुर्ग से कहा कि इसे घर जाकर ही खोलना। जब पीड़ित ने कुछ दूर जाकर पुड़िया खोली, तो उसमें सोने के गहनों की जगह दो पत्थर निकले।

पुलिस खंगाल रही है CCTV फुटेज
ठगी का अहसास होते ही पीड़ित तुरंत घटनास्थल पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। सिविल लाइन थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस इलाके के CCTV कैमरों की जांच कर रही है ताकि बाइक सवार आरोपियों की पहचान की जा सके।

पुलिस कभी भी सड़क पर जेवर उतरवाने या उन्हें कागज में लपेटने का दबाव नहीं बनाती। ऐसे संदिग्ध लोगों से बचें और तुरंत नजदीकी थाने को सूचना दें।



































