BILASPUR NEWS. जिले को नशामुक्त करने के संकल्प के साथ बिलासपुर पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। थाना चकरभाठा और एसीसीयू (ACCU) की संयुक्त टीम ने अंतर्राज्यीय ड्रग रैकेट का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर तस्करों को दबोचा है। पकड़े गए आरोपियों के पास से 34 ग्राम कीमती हेरोइन बरामद की गई है, जिसकी बाजार में बड़ी कीमत आंकी जा रही है।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि हिंर्री माइंस और तिलक नगर क्षेत्र में कुछ संदिग्ध व्यक्ति नशे की खेप खपाने की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की और तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से हेरोइन बरामद हुई। पकड़े गए आरोपियों में चकरभाठा निवासी मोहित हिंदूजा (32), करन दीप सिंह (29) और पंजाब के तरनतारन जिले का रहने वाला आर. रजिंदर कुमार (35) शामिल है।

पंजाब से जुड़ रहे हैं नशे के तार
पुलिस पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। आरोपी करन दीप सिंह दूसरे राज्यों (विशेषकर पंजाब) से मादक पदार्थ मंगवाकर मोहित हिंदूजा को सप्लाई करता था। इसके बाद ये तीनों मिलकर अपने साथी आर. रजिंदर के साथ मिलकर स्थानीय नशेड़ियों को ऊंचे दामों पर हेरोइन बेचते थे। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है ताकि मुख्य सप्लायर तक पहुँचा जा सके।

3 दिन में 7 केस: नशे पर चौतरफा प्रहार
बिलासपुर पुलिस केवल इसी कार्रवाई तक सीमित नहीं रही। पिछले 72 घंटों के भीतर जिले में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत कुल 07 मामले दर्ज किए गए हैं। इस सघन अभियान के दौरान पुलिस ने:1300 नशीली टैबलेट्स, 400 एमएल एविल इंजेक्शन, 02 किलोग्राम गांजा जब्त किया है।




































