RAIGHAR NEWS. छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ एक पिता ने अपने ही 6 वर्षीय मासूम बेटे की नृशंस हत्या कर दी। आरोपी ने पहले बच्चे को कुएं में फेंका और फिर खुद नीचे उतरकर उसे पानी में डुबोकर मार डाला। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

यह हृदय विदारक घटना लैलूंगा थाना क्षेत्र के ग्राम जामढोंढी, भदरापारा की है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी विनोद महेश्श्वरी (30) का अपनी पत्नी के साथ पिछले कुछ समय से विवाद चल रहा था। पत्नी घर छोड़कर अलग रह रही थी, जिसकी वजह से विनोद अत्यधिक मानसिक तनाव में था। इसी तनाव और गुस्से का शिकार उसका निर्दोष बेटा बन गया।

रात को लापता हुआ, सुबह कुएं में मिली लाश
बताया जा रहा है कि रविवार शाम करीब 6 बजे विनोद अपने बेटे हितेश माहेश्वरी के साथ घर के बाहर देखा गया था। सोमवार सुबह जब विनोद के भाई मनोज ने घर के पीछे स्थित कुएं के पास मोटर चालू की, तो उसे कुएं के अंदर से आवाज आई। जब उसने कुएं में झांक कर देखा, तो वहां विनोद और उसके बेटे का शव तैर रहा था।

आरोपी ने कबूला अपना जुर्म
घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और तुरंत पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बच्चे के शव और आरोपी पिता को कुएं से बाहर निकाला। पूछताछ के दौरान आरोपी विनोद ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि उसने हत्या की नीयत से ही बच्चे को कुएं में फेंका था और यह सुनिश्चित करने के लिए कि वह बच न जाए, खुद भी नीचे उतरकर उसे डुबो दिया।

पुलिस कार्रवाई
लैलूंगा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को स्थानीय न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया है। इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।


































