BILASPUR NEWS. थाना हिर्री पुलिस ने बेरोजगार युवकों को सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी साल 2023 से पुलिस को चकमा देकर लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। पुलिस ने आरोपी के पास से नकदी और मोबाइल फोन भी जब्त किया है।

मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी अंबिका प्रसाद भारद्वाज (50), निवासी चंडीपारा उरईहा पामगढ़ ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी ने उनके पुत्र राहुल भारद्वाज और भतीजे हरिश को नौकरी लगवाने का लालच दिया था। इसके बदले में आरोपी ने ऑनलाइन बैंक ट्रांजैक्शन के जरिए 17 लाख 65 हजार रुपये और नगद 7 लाख 35 हजार रुपये, यानी कुल 25 लाख रुपये ले लिए। अक्टूबर 2023 में रकम वसूलने के बाद आरोपी फरार हो गया।

जब प्रार्थी ने अपने पैसे वापस मांगने के लिए दबाव बनाया, तो आरोपी के परिजनों ने उसे बचाने के लिए थाना मुलमुल (जिला जांजगीर-चांपा) में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट (क्रमांक 56/2023) दर्ज करा दी थी, ताकि किसी को शक न हो।

न्यायालय के आदेश पर हुई कार्रवाई
पुलिस द्वारा शुरुआत में कार्रवाई न होने पर प्रार्थी ने न्यायालय में परिवाद पेश किया। अदालत के आदेश के बाद थाना हिर्री में अपराध क्रमांक 10/2026 और धारा 420 भादवि के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने घेराबंदी कर 20 फरवरी 2026 को ग्राम छेडोलिया से आरोपी राजा भैया लहरे (26) को धर दबोचा।

जब्ती और रिमांड
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 75 हजार रुपये नगद और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।




































