DURG NEWS. दुर्ग जिले के जामुल थाना क्षेत्र अंतर्गत नारधा गांव में महायज्ञ के आयोजन को लेकर उपजे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। गांव स्थित हनुमान मंदिर के पास दुकानों को हटाने के मुद्दे पर भाजपा नेता और पुजारी के भाई के बीच जमकर मारपीट हुई। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

जानकारी के अनुसार, नारधा गांव में आयोजित महायज्ञ के चलते मंदिर के आसपास लगी दुकानों को पीछे करने की बात कही गई थी। इसी सिलसिले में भाजपा के पूर्व जनपद सदस्य चंद्रहास गोस्वामी ने मंदिर के पुजारी के भाई रामगिरी गोस्वामी से दुकान पीछे हटाने को कहा। आरोप है कि जब रामगिरी गोस्वामी ने दुकान हटाने से इनकार किया, तो चंद्रहास गोस्वामी अपने कुछ साथियों के साथ दुकान पर पहुंचे और उनके साथ मारपीट की। बताया जा रहा है कि इस दौरान लात-घूंसों के साथ हवा भरने वाले पंप से भी हमला किया गया। सीसीटीवी फुटेज में कथित रूप से भाजपा नेता को मारपीट करते देखा जा सकता है।

दोनों पक्षों की शिकायत, काउंटर केस दर्ज
घटना के बाद दोनों पक्ष जामुल थाने पहुंचे और अपनी-अपनी लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर काउंटर केस दर्ज कर लिया है। अधिकारियों के मुताबिक, मामले की गंभीरता को देखते हुए सीसीटीवी फुटेज सहित सभी साक्ष्यों की जांच की जा रही है।

गांव में तनाव, निष्पक्ष जांच की मांग
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विवाद की जड़ महायज्ञ के दौरान दुकानों को हटाने को लेकर बनी असहमति थी। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस ने कहा है कि सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।



































