BILASPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के कोटा इलाके में पार्किंग को लेकर हुआ एक मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। सोमवार रात चंडी माता चौक के पास कांग्रेस नेता संतोष मिश्रा उर्फ छोटे महाराज और उनके पड़ोसी राम सोनी के बीच गाड़ी खड़ी करने को लेकर बहस शुरू हुई, जो इतनी बढ़ी कि कांग्रेस नेता ने तलवार निकालकर पड़ोसी पर हमला कर दिया। घटना के बाद दोनों पक्ष थाने पहुंचे, जहां पुलिस की मौजूदगी में भी जमकर गाली-गलौज और धक्का-मुक्की हुई।

पुलिस के अनुसार, घटना रात करीब 11:30 से 12:30 बजे के बीच की है। विवाद के दौरान संतोष मिश्रा ने राम सोनी के साथ गाली-गलौज की और थप्पड़ जड़ दिया। बीच-बचाव के दौरान जब राम सोनी ने संतोष को धक्का दिया, तो वह वहां से चला गया। लेकिन कुछ ही देर बाद संतोष मिश्रा हाथ में तलवार लेकर लौटा और राम सोनी पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले से बचने के लिए राम सोनी ने जब हाथ आगे किया, तो उनके हाथ में गंभीर चोटें आईं।

थाने के भीतर हाई-वोल्टेज ड्रामा
मारपीट के बाद दोनों पक्ष कोटा थाने पहुंचे। खबर मिलते ही भाजपा नेता विकास सिंह भी अपने साथियों के साथ वहां पहुंच गए। देखते ही देखते थाना परिसर अखाड़ा बन गया। पुलिसकर्मियों के सामने ही दोनों गुटों के बीच जमकर गाली-गलौज और धक्का-मुक्की हुई। इस दौरान एक सिपाही का वीडियो भी वायरल हुआ है, जो हंगामा रोकने के बजाय कैमरा चालू होने की बात कहकर पल्ला झाड़ता नजर आया।
टीआई की लापरवाही पर भड़के एसएसपी
मामले की जानकारी जब एसएसपी रजनेश सिंह को मिली, तो उन्होंने टीआई नरेश चौहान से रिपोर्ट मांगी। बताया जा रहा है कि टीआई ने एसएसपी को गुमराह करने की कोशिश की और कहा कि विवाद थाने के बाहर हुआ था। हालांकि, सीसीटीवी फुटेज और वीडियो सामने आने के बाद एसएसपी ने कड़ी नाराजगी जताई।

एसएसपी ने स्पष्ट कहा कानून सबके लिए बराबर है। पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में थाना परिसर के भीतर इस तरह की हुज्जतबाजी और अभद्रता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एसएसपी के कड़े रुख के बाद टीआई को फटकार लगाई गई है और दोनों पक्षों पर मामला दर्ज कर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। फिलहाल क्षेत्र में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।




































