BILASPUR NEWS. छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद न्यायालय परिसर में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड की टीमें मौके पर पहुंचीं और पूरे परिसर में सघन जांच शुरू कर दी गई। एहतियातन सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक धमकी भरा संदेश मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने तत्काल हाई अलर्ट घोषित किया।

अदालत परिसर के प्रवेश द्वारों पर चेकिंग बढ़ा दी गई है। आने-जाने वालों की सख्त निगरानी की जा रही है और संदिग्ध वस्तुओं की जांच की जा रही है। इससे पहले भी प्रदेश के कुछ जिला न्यायालयों—राजनांदगांव, जांजगीर-चांपा और जगदलपुर—को इसी तरह की धमकियां मिल चुकी हैं। उन मामलों में व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया था, लेकिन जांच में कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली थी और मामला अफवाह साबित हुआ था।

फिलहाल बिलासपुर स्थित छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। सीसीटीवी निगरानी बढ़ाई गई है और पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में लिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी और हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार धमकी देने वाले की पहचान और स्रोत का पता लगाने के लिए साइबर टीम भी सक्रिय कर दी गई है। जांच पूरी होने तक हाईकोर्ट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी।





































