RAIPUR NEWS. नवा रायपुर में निर्माणाधीन फिल्म सिटी ग्राउंड से मंगलवार को एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सुनसान इलाके में लाश मिलने की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। मृतक की पहचान करीब 30 वर्षीय भूपेंद्र पटेल के रूप में हुई है। मामला अभनपुर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।

स्थानीय लोगों ने जब ग्राउंड परिसर में शव देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही अभनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जो मौके से साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है। जिस स्थान पर शव मिला है, वह काफी सुनसान बताया जा रहा है, जिससे मामले में हत्या की आशंका भी जताई जा रही है।

फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। मामले को लेकर पुलिस सतर्कता के साथ आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।


































