BILASPUR NEWS. शहर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बिलासपुर पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। सकरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने घेराबंदी कर तीन युवकों को गिरफ्तार किया है, जो उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से ब्राउन शुगर और गांजा लाकर शहर में खपा रहे थे।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि तैयबा चौक (तालपारा) निवासी हमीद अंसारी (33 वर्ष) आसमा सिटी से मेण्ड्रा जाने वाली सड़क पर ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सकरी पुलिस ने तत्काल टीम भेजकर उसे दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 840 मिलीग्राम ब्राउन शुगर और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ।

प्रयागराज से होती थी सप्लाई, दो साथी भी गिरफ्तार
पूछताछ में हमीद ने खुलासा किया कि वह अभिषेक नगर निवासी अपने दोस्त अमन तिवारी (24 वर्ष) और रामा लाइफ कॉलोनी निवासी ईशांत सिंह मंडलोई (24 वर्ष) के जरिए प्रयागराज से मादक पदार्थ मंगवाता था।
पुलिस ने ईशांत सिंह के घर की तलाशी ली, जहाँ से 25 ग्राम गांजा, 4 नग चिलम और 2 लाइटर जब्त किए गए। मामले में संलिप्तता पाए जाने पर पुलिस ने अमन तिवारी को भी गिरफ्तार कर लिया है।

थार से एक्सीडेंट कर भागने वाला आरोपी भी शामिल
हैरानी की बात यह है कि आरोपी ईशांत सिंह मंडलोई को पुलिस ने एक दिन पहले ही एक अन्य मामले में गिरफ्तार किया था। वह अपने साथियों के साथ थार गाड़ी में एक्सीडेंट कर भाग रहा था। पुलिस ने पीछा कर जब उसे पकड़ा, तो उसके पास से चाकू भी बरामद हुआ था। अब उस पर एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के साथ-साथ आर्म्स एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा रही है।

SSP के कड़े निर्देश
एसएसपी रजनेश सिंह ने शहर और ग्रामीण इलाकों में नशे के सौदागरों पर नकेल कसने के सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को अलर्ट रहने और अवैध कारोबारियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने को कहा है।




































