JOB NEWS. सरकारी उपक्रम में नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए ब्रॉडकास्ट इंजीनियरिंग कंसल्टेंट्स इंडिया लिमिटेड (BECIL) ने भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। कंपनी ने जूनियर टेक्नीशियन, सिक्योरिटी ऑफिसर, मल्टी टास्किंग स्टाफ (MTS) सहित विभिन्न पदों पर उम्मीदवारों से आवेदन मांगे हैं। खास बात यह है कि इन पदों के लिए आवेदन ऑफलाइन मोड में स्वीकार किए जा रहे हैं। इच्छुक अभ्यर्थी 18 फरवरी 2026 तक अपने आवेदन भेज सकते हैं। BECIL की यह भर्ती उन युवाओं के लिए अच्छा मौका है जो तकनीकी और सपोर्ट स्टाफ कैटेगरी में सरकारी क्षेत्र में करियर बनाना चाहते हैं।

इन पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता पद के अनुसार अलग-अलग तय की गई है। सामान्य रूप से उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड/संस्थान से 10वीं या 12वीं पास होना जरूरी है। कुछ पदों के लिए संबंधित विषय में स्नातक डिग्री, डिप्लोमा या तकनीकी योग्यता मांगी गई है। प्रत्येक पद की विस्तृत योग्यता, अनुभव और आयुसीमा की जानकारी आधिकारिक नोटिफिकेशन में दी गई है। रजिस्ट्रेशन करने के लिए सभी कैटेगरी के उम्मीदवारों को रजिस्ट्रेशन फीस का भुगतान करना होगा।

अनारक्षित वर्ग के उम्मीदवारों के लिए रजिस्ट्रेशन फीस 295 रुपये निर्धारित की गई है। इसके अलावा, एससी एवं एसटी और दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए रजिस्ट्रेशन फीस में छूट प्रदान की गई है। बीईसीआईएल में रजिस्ट्रेशन करने के लिए उम्मीदवारों के पास पिछली कक्षा का प्रमाण-पत्र, कक्षा 10वीं एवं 12वीं का प्रमाण-पत्र, जन्म प्रमाण-पत्र, जाति प्रमाण-पत्र, कार्य अनुभव का प्रमाण-पत्र, पैन कार्ड या आधार कार्ड व अन्य निर्धारित दस्तावेज होने चाहिए।

ऐसे करना होगा आवेदन
बीईसीआईएल में विभिन्न पदों के लिए आवेदन ऑफलाइन माध्यम में स्वीकार किए जाएंगे। उम्मीदवार स्पीड पोस्ट के माध्यम से अपने आवेदन-पत्र और दस्तावेज की फोटो कॉपी भेज सकते हैं। आवेदन से संबंधित अधिक जानकारी के लिए उम्मीदवार ऑफिशियल नोटिकेशन देख सकते हैं।































