KORIYA NEWS. छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में भ्रष्टाचार का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। एंटी करप्शन ब्यूरो ने किसान को हत्या के मामले में फंसाने की धमकी देकर रिश्वत मांग रहे पोड़ी चौकी के सब-इंस्पेक्टर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। मामले में एक असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर को भी हिरासत में लिया गया है।

जानकारी के अनुसार, मामला पोड़ी चौकी क्षेत्र के ग्राम पोड़ी का है। यहां के निवासी किसान सत्येंद्र प्रजापति के घर पर निर्माण कार्य चल रहा था। गांव के मजदूर मोहित घसिया से ईंटें बनवाई जा रही थीं। 21 फरवरी को ईंट निर्माण के लिए एक गड्ढा खोदा गया था, जिसमें पानी भर गया। उसी रात मजदूर के मासूम बेटे की गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा।

हत्या के केस की धमकी देकर मांगे 50 हजार
जांच के दौरान पोड़ी चौकी में पदस्थ अब्दुल मुनाफ और गुरु प्रसाद यादव ने किसान पर दबाव बनाया। आरोप है कि दोनों अधिकारियों ने किसान को हत्या (मर्डर) का केस दर्ज करने की धमकी दी और मामला रफा-दफा करने के एवज में 50 हजार रुपये की मांग की।

ACB का जाल, पहली किस्त लेते ही गिरफ्तारी
रकम देने में असमर्थ किसान ने 21 फरवरी को ही ACB से शिकायत कर दी। योजना के तहत 24 फरवरी को किसान 25 हजार रुपये की पहली किस्त लेकर चौकी पहुंचा। ACB की 6 सदस्यीय टीम पहले से ही निगरानी में थी। जैसे ही किसान ने केमिकल लगे नोट SI को थमाए, टीम ने उन्हें रंगे हाथों पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान आरोपी अधिकारी ने खुद को निर्दोष बताते हुए हंगामा किया और जबरदस्ती की बात कही। इस दौरान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

अंबिकापुर से ASI हिरासत में
ACB ने सह-आरोपी ASI को भी हिरासत में लिया है। बताया गया कि 22 फरवरी को उनका तबादला अंबिकापुर हो गया था, जहां से टीम ने उन्हें पकड़ा। दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 और 12 के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों से पूछताछ जारी है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।




































