DHAMTARI NEWS. छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के कुरूद क्षेत्र स्थित दहदहा शासकीय स्कूल में छात्रों द्वारा खुद को चोट पहुंचाने के गंभीर मामले ने शिक्षा विभाग को सख्त कार्रवाई के लिए मजबूर कर दिया है। इस घटना को विभाग ने घोर लापरवाही मानते हुए संबंधित विद्यालय के प्रधानपाठक और प्राचार्य को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
जानकारी के अनुसार, शासकीय माध्यमिक शाला दहदहा में कक्षा 7वीं और 8वीं के कुल 35 छात्र-छात्राओं ने नुकीली वस्तु से अपने बाएं हाथ पर चोट पहुंचाई। इनमें 21 छात्र और 14 छात्राएं शामिल हैं। बताया जा रहा है कि यह सिलसिला पिछले लगभग एक महीने से चल रहा था और बच्चे एक-दूसरे को देखकर ऐसा कदम उठा रहे थे।

मामले के सामने आने के बाद शिक्षा, स्वास्थ्य और प्रशासनिक विभाग की टीमें सक्रिय हुईं। जांच दल दो बार स्कूल पहुंचा और विद्यार्थियों से अलग-अलग पूछताछ की गई। बच्चों की मानसिक स्थिति और परामर्श की आवश्यकता को भी गंभीरता से लिया जा रहा है।

जिला शिक्षा अधिकारी अभय जायसवाल ने इसे स्कूल प्रशासन की उदासीनता करार देते हुए शासकीय माध्यमिक शाला के प्रधानपाठक पुनीत राम साहू तथा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। दोनों अधिकारियों से तीन दिवस के भीतर जवाब प्रस्तुत करने को कहा गया है।

शिक्षा विभाग का कहना है कि यदि समय रहते विद्यालय स्तर पर सतर्कता और संवेदनशीलता दिखाई जाती, तो इस प्रकार की घटना को रोका जा सकता था। फिलहाल मामले की जांच और विभागीय कार्रवाई जारी है। यह प्रकरण केवल अनुशासन का नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की मानसिक सुरक्षा और संस्थागत जवाबदेही से भी जुड़ा हुआ है।

35 children, Chhattisgarh News, cut their wrists, dhamtari news, government school, principal and headmaster, tirandaj.com, tirandaj.com top 10 news web site, कुरूद क्षेत्र स्थित दहदहा, छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले, शासकीय माध्यमिक शाला दहदहा, शासकीय स्कूल में छात्रों द्वारा खुद को चोट, शिक्षा विभाग, सख्त कार्रवाई




































